विजय पंडित हत्याकांड की जांच रिपोर्ट मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी को सौंप दी गई। पार्टी की सात सदस्यीय समिति ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है।
पिछले दिनों दादरी में हुई भाजपा नेता की हत्या की हकीकत जानने के लिए पार्टी के सात सदस्यों की कमेटी गठित की गई। भाजपा सांसद सतपाल सिंह के नेतृत्व में रविवार को गठित की गई कमेटी ने सोमवार को मृतक के परिजन, अधिकारियों और आम लोगों से पूछताछ की थी।
समिति ने घटनास्थल का दौरा भी किया था। जांच के आधार पर तैयार रिपोर्ट मंगलवार को राजनाथ सिंह और प्रदेश अध्यक्ष को सौंप दी गई। रिपोर्ट का हालांकि खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक समिति ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।