भारतीय जनता पार्टी से जीतने वाली कैंडिडेट रेखा
दिल्ली एमसीडी के बुधवार को आए नतीजों में सबसे कम और सबसे ज्यादा वोट से जीत बीजेपी के ही उम्मीदवारों को मिली है। दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर के वार्ड संख्या 70-एस से बीजेपी उम्मीदवार अनीता तंवर को सबसे कम वोट मार्जिन से जीत मिली।
अनीता ने आप उम्मीदवार पिंकी त्यागी को महज दो वोटों से हराया। एमसीडी चुनाव में आप के कुल 40 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है। वहीं, दक्षिणी दिल्ली के द्वारका-बी के वार्ड संख्या 38-एस से बीजेपी उम्मीदवार कमलजीत शहरावत ने सबसे अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 9866 वोटों से जीत मिली।
उधर, पूर्वी दिल्ली में कृष्णा नगर के वार्ड संख्या- 21-ई से बीजेपी के उम्मीदवार संजीव कपूर 9322 वोट मार्जिन से जीते हैं। इस निगम में सबसे कम भजनपुरा के 44-ई वार्ड नंबर से गुरजीत कौर को 58 वोटों से जीत हासिल हुई है।