दिल्ली में चुनाव प्रचार खत्म होते ही पश्चिमी दिल्ली के भाजपा प्रत्याशी प्रवेश सिंह वर्मा ने आप प्रत्याशी बलवीर जाखड़ को मानहानि का नोटिस भेजा है। साथ ही चुनाव आयोग से भी जाखड़ की शिकायत की है। शुक्रवार शाम को प्रवेश सिंह वर्मा ने बताया कि आप प्रत्याशी जनता के बीच उनके खिलाफ गलत जानकारी फैला रहे हैं। आप प्रत्याशी ने उन पर वोट के लिए वे शराब बांटने का आरोप लगाया था।
वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सहित कई उम्मीदवारों पर ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। बावजूद इसके उन्होंने अब तक अपना ध्यान केवल सकारात्मक मुद्दों पर ही केंद्रित रखा है। वे अपने क्षेत्र और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन उनके विरोधी क्षेत्र में नकारात्मक प्रचार कर रहे हैं। बौखलाहट में आकर कांग्रेस और आप के प्रत्याशी उन के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, जिसे वे कतई बर्दास्त नहीं कर सकते। इसीलिए उन्होंने आप प्रत्याशी बलवीर जाखड़ के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजा है और चुनाव आयोग से शिकायत भी की है।