विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक जंग के मैदान में उतर चुकी हैं। दिल्ली वासियों के मन की बात लेने के बाद पार्टी इसे चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल करेगी ताकि अगले पांच वर्षों में दिल्ली के विकास को नई रफ्तार मिल सके। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से मेरी दिल्ली, मेरा सुझाव अभियान की शुरुआत की।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने 49 वीडियो रथों को रवाना किया। वीडियो रथों को 70 विधानसभा क्षेत्रों में ले जाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 सुझाव पेटियां भी रखी जा रही हैं ताकि दिल्लीवासी इसमें अपनी समस्याएं, सुझाव दे सकें। इसी आधार पर भाजपा, विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करेगी।
इस मौके पर पार्टी की तरफ से एक नंबर (6357171717) भी जारी किया गया, जिसपर मिस्ड कॉल कर भी दिल्ली वासी अपने मन की बात, सुझाव दे सकेंगे। दो हफ्ते तक मोबाइल रथ, सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी। इस दौरान दिल्ली सरकार की नाकामियों को उजागर करते हुए जनता से दिल्ली के बेहतर कल के लिए सुझाव मांगे जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मेरी दिल्ली मेरा सुझाव अभियान की शुरुआत के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को बधाईयां देते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में दिल्ली विकास की नई परिभाषा कैसे लिखे, गरीबों का कैसे उत्थान हो और महिलाओं को कैसे सम्मान मिले इसके लिए भाजपा सार्थक प्रयास कर रही है। बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने के लिए दिल्ली वासियों के दिल से उनकी बातों को सुझावों के जरिये जानकर घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
स्मृति ईरानी ने दिल्ली वासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अगले पांच वर्ष तक के लिए दिल्ली का खाका और घोषणा पत्र बनाने में अहम भूमिका निभाएं। वीडियो रथ हर समुदाय, हर वर्ग, हर क्षेत्र में जाएगी ताकि सभी वर्ग की बात को शामिल किया जा सके। मैं हूं दिल्ली.कॉम के जरिये भी अपनी बातें दर्ज करवाई जा सकती हैं।
प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, विजय गोयल, सांसद मीनाक्षी लेखी, हंसराज हंस, प्रवेश वर्मा, तरुण चुघ, पूर्व मेयर आदेश गुप्ता सहित चुनाव समिति के तमाम पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।