आप सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित पिटाई के मामले में भाजपा महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग की। केजरीवाल के पूर्व सहयोगियों किरण बेदी, कपिल मिश्रा, शाजिया इल्मी, ऋचा पांडेय समेत दूसरे नेता भी हमलावर दिखे।
आप सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित पिटाई के मामले में दिल्ली की सियासी तपिश उफान पर रही। प्रदेश भाजपा की तरफ से मोर्चा महिला नेत्रियों ने संभाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी पूरे मामले की संजीदगी से जांच की मांग की। उधर, आप ने पूरे मामले पर चुप्पी साध ली है। पार्टी ने इस मसले पर अब तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
विज्ञापन
भाजपा महिला मोर्चा ने इस मामले में मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी की मांग की। केजरीवाल के पूर्व सहयोगियों किरण बेदी, कपिल मिश्रा, शाजिया इल्मी, ऋचा पांडेय समेत दूसरे नेता भी हमलावर दिखे। वहीं, सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिसने अपने आवास पर बुलाकर पहले अपनी सरकार के मुख्य सचिव को पिटवाया था और अब महिला सांसद को। पूरी घटना की जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए। इससे पूरे मामले की हकीकत सामने आ सकेगी। वहीं, प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि स्वाति मालीवाल कहती रहीं हैं कि महिलाओं को व्हिसल ब्लोअर बनना चाहिए। अब उनसे अपील है कि दिल्ली के नागरिकों के लिए आवाज उठाएं।
सीएम का महिला विरोधी चेहरा उजागर : सेहरावत
प्रदेश भाजपा महामंत्री व पश्चिमी दिल्ली प्रत्याशी कमलजीत सेहरावत ने कहा कि मुख्यमंत्री का महिला विरोधी चेहरा उजागर हो गया है। दिल्ली पुलिस को इस मामले में संज्ञान लेकर मामला दर्ज करना चाहिए।
विज्ञापन
बांसुरी स्वराज ने सीएम से मांगा स्पष्टीकरण
प्रदेश भाजपा मंत्री व नई दिल्ली से प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने कहा कि एक महिला से दुर्व्यवहार काफी दुखद बात है। राजनीतिक विचारधारा को दरकिनार करते हुए भाजपा केजरीवाल से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगती हैं।