आबकारी नीति को लेकर भाजपा लगातार आप सरकार को घेरने में लगी है। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नई आबकारी नीति में बड़ा घोटाला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नई शराब नीति में तय मानकों का पालन नहीं हुआ है। शराब कंपनियां और वितरकों में साठगांठ है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल शराब नीति पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। दिल्ली के सीएम जनता को गुमराह करने में लगे हैं। उन्हें बिरादरी, इमानदारी को छोड़कर आबकारी नीति पर जवाब देना होगा। इस दौरान उनके साथ भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा भी मौजूद थे।
ऑपरेशन लोटस दूसरी बार फेल : सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आप ने दूसरी बार भाजपा का ऑपरेशन लोटस फेल किया है। आप ने 2014 के बाद 2022 में ऑपरेशन लोटस का पर्दाफाश करने का काम किया है। भाजपा ने 2014 में आप विधायकों को 5-5 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था, उसके इस ऑपरेशन लोटस को स्टिंग कर फेल किया गया था। अब भाजपा ने ऑपरेशन लोटस के तहत मनीष सिसोदिया को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया। यह खुलासा सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में किया।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा मुख्यालय से ऑपरेशन लोटस चलाया जाता है। जिस भी राज्य में जनता भाजपा को हरा देती है, वहां दूसरी पार्टियों के विधायकों को खरीदकर भाजपा सरकार बना लेती है। दिल्ली में ऑपरेशन लोटस के तहत मनीष सिसोदिया को निशाना बनाया। सबसे पहले स्कूलों की कक्षाएं बनाने में गड़बड़ी का अभियान चलाया, इसमें फेल होने पर एक्साइज पॉलिसी में फर्जी गड़बड़ी का आरोप लगाया।
अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल को घेरा
इससे पहले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा था कि मैंने अरविंद केजरीवाल को 24 घंटे के भीतर जवाब देने का समय दिया था, लेकिन उन्होंने एक शब्द भी नहीं बोला। यह उनके भ्रष्टाचार को साबित करता है, सरगना अभी भी चुप है।
सिसोदिया ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप
वहीं, सोमवार को दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि मेरे पास भाजपा का संदेश आया है, आप तोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे सीबीआई और ईडी के केस बंद करवा देंगे। मेरा भाजपा को जवाब- मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, राजपूत हूं, सर कटा लूंगा लेकिन भ्रष्टाचारियों- षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। मेरे खिलाफ सारे केस झूठे हैं। जो करना है कर लो।