तीन चरणों में होगा पिलर का काम
पिलर का निर्माण तीन चरणों में किया गया, हर चरण में श्रमिकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। निर्माण कार्य के दौरान जगह की कमी सबसे बड़ी चुनौती थी। मजेंटा लाइन एक्सटेंशन पर दूसरा सबसे ऊंचा प्वाइंट भी हैदरपुर बादली मोड़ के पास ही बना है। यह प्वाइंट रेलवे क्रॉसिंग पर बना है और 27.610 मीटर ऊंचा है। यहां 52.288 मीटर लंबा स्टील स्पैन बनाया गया है। इस निर्माण में भी जगह की कमी एक बड़ी चुनौती थी। मेट्रो वायाडक्ट और रेलवे ट्रैक के बीच बहुत कम जगह थी।
इसके अलावा, ओवरहेड इलेक्ट्रिकल वायर भी बहुत पास थे। इस काम को पूरा करने के लिए दो बड़ी क्रेन का इस्तेमाल किया गया। हर क्रेन ने 142 मीट्रिक टन के स्टील गर्डर उठाए। यह काम रात में किया गया, ताकि मेट्रो और रेल सेवाओं में कोई रुकावट न आए।
2026 तक बनकर तैयार होगा पूरा कॉरिडोर
मजेंटा लाइन जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम तक का पूरा 29.3 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है। इस पूरे कॉरिडोर में कुल 22 स्टेशन हैं, जिनमें आठ इंटरचेंज स्टेशन भी शामिल हैं।