बिसाहड़ा में इकलाख की हत्या और उसके बेटे को अधमरा करने के मामले में मंगलवार को 18 आरोपियों की कोर्ट में पेशी हुई। इस मामले में चार्जशीट कमिट हो गई है। केस सेशन कोर्ट के हवाले कर दिया है। इस मामले में अब ट्रायल शुरू होगा। वहीं एक आरोपी की जमानत अर्जी पर सुनवाई जिला जज न्यायालय में आज होगी।
जारचा कोतवाली के बिसाहड़ा गांव में 28 अक्तूबर को भीड़ ने इकलाख के घर धावा बोल दिया था। भीड़ ने इकलाख की हत्या कर उसके बेटे को अधमरा कर दिया था। 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। बाद में पीड़ित परिवार के बयानों के बाद नौ आरोपियों को ओर शामिल किया गया था।
पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दायर की है। 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो नाबालिग हैं। इसमें से एक फरार है।
इस आरोपी के वारदात के दौरान गांव में नहीं होने के साक्ष्य पुलिस को मिले हैं। मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में 18 आरोपियों की पेशी हुई। पुलिस की चार्जशीट कोर्ट में कमिट हो गई है। चार्जशीट की प्रति सभी आरोपियों को रिसीव करा दी है। अब मामले को सेशन कोर्ट में भेज दिया है। अब सेशन कोर्ट में ही मामले का ट्रायल होगा।
बुधवार को आरोपी भीम की जमानत अर्जी पर जिला जज न्यायालय में सुनवाई होगी। इससे पहले अरुण नामक एक आरोपी की जमानत अर्जी को सुनवाई के बाद खारिज किया जा चुका है। इसके अलावा चार आरोपियों ने भी जमानत अर्जी न्यायालय में दी है। दो की जमानत अर्जी पर 18 फरवरी और दो आरोपियों की जमानत अर्जी पर 25 फरवरी को सुनवाई होगी।