भीषण गर्मी से पक्षी भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। पक्षियों के घरौंदे खाली हो चुके हैं। वे खुले आसमान में न उड़ान भर पा रहे हैं और न ही अपने घोंसला में जा पा रहे हैं। स्थिति यह है कि दिल्ली के अस्पतालों में पक्षी गंभीर स्थिति में भर्ती हो रहे हैं।
चांदनी चौक पर पक्षियों के अस्पताल में कार्यरत पशु-पक्षियों के चिकित्सक डॉ. रामेश्वर यादव ने बताया कि गर्मी पक्षियों के लिए घातक बन चुकी है। ज्यादा तापमान होने की वजह से न सिर्फ इंसान, बल्कि पक्षियों को भी ग्लूकोज और विटामिन की कमी हो रही है। इसके कारण अब तक कई पक्षी अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि गर्म हवाओं में उड़ान भरने वाले पक्षी चंद ही दूरी तय कर जमीन पर गिरने से जख्मी हो रहे हैं। अस्पताल में विभिन्न इलाकों से रोजाना करीब 70-80 पक्षियों को लाया जा रहा है।
डॉ. यादव के मुताबिक, एसी और कूलर से टपकते पानी और छांव के लिए अक्सर पक्षी भवनों में लगे एसी और कूलर की तरफ आकर्षित होते हैं। इस दौरान पानी पीने के क्रम में उनके पंख एसी और कूलर के पंखों से जख्मी हो जाते हैं। पानी के लिए गंदे नालों के अलावा लंबे समय तक रखे गए पानी का सेवन करना इनकी मजबूरी बन गई है। ऐसे जल का सेवन करने से चेचक और आंखों की रोशनी प्रभावित हो रही है।