ठंड की दस्तक के पहले ही दिल्ली में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। राहत की बात ये है कि अभी इस बीमारी से कोई इंसान प्रभावित नहीं हुआ है। राजधानी के चिड़ियाघर में इस बीमारी के चलते कई पक्षियों की मौत हो गई है।
बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद ही प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दिल्ली के चिड़ियाघर को बंद कर दिया है। जानकारी के अनुसार चिड़ियाघर में अब तक 9 पक्षियों की मौत हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि मृत पक्षियों में से कुछ की मौत बर्ड फ्लू से हुई है। चिड़ियाघर में मरने वाले पक्षियों में रोजी पेलिकन, पेंटिड स्टॉर्क और बतखें प्रमुख थीं। पक्षियों की मौत शुक्रवार और शनिवार को हुई थी। बर्ड फ्लू के प्रभाव को रोकने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने इसे तत्काल बंद करने का फैसला लिया है।
अनिश्चितकाल के लिए बंद किया गया चिड़ियाघर
delhi zoo
चिड़ियाघर के जनसंपर्क अधिकारी रियाज खान ने बताया कि, ‘चिड़ियाघर में शुक्रवार और शनिवार को कुल 9 पक्षियों की मौत हो गई। हमने सैंपल्स को जालंधर और भोपाल की लैब में भेजा है। कुछ पक्षियों में इनफ्लूएंजा डिटेक्ट हुआ है।’
उन्होंने बताया कि एतिहात के तौर पर कदम उठाते हुए आने वाले कुछ दिनों के लिए चिड़ियाघर को आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक चिड़ियाघर को सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता तब तक इसे बंद ही रखा जाएगा।
फिलहाल प्रशासन इस प्रयास में लगा है कि कैसे चिड़ियाघर के अन्य पक्षियों को बर्ड फ्लू के प्रकोप से बचाया जा सके।
गोपाल राय ने की प्रेस कांफ्रेंस
गोपाल राय
- फोटो : ani
दिल्ली में बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए आप नेता गोपाल राय ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि दिल्ली में बर्ड फ्लू का कोई खतरा नहीं है।
अभी तक चिड़ियाघर के पक्षी इससे प्रभावित हुए हैं। सभी जगह से सैंपल लेकर भेजे जा चुके हैं। तीन से चार दिन में इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिती स्पष्ट हो पाएगी।