दिल्ली के बुराड़ी स्थित यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क में नवंबर में दिखा तेंदुआ शनिवार तड़के पकड़ लिया गया। यह नर तेंदुआ पार्क के बाहरी हिस्से में यमुना नदी किनारे लगाए गए पिंजड़े में कैद हुआ, जहां पिंजड़ा रखा गया था उस इलाके में हाल ही में स्थानीय किसानों ने खेती भी की है। तेंदुए को सहारनपुर के शिवालिक रेंज ले जाया जाएगा।
मुख्य वन प्रबंधक एके शुक्ला ने बताया कि यह तय किया गया था कि तेंदुए को वन में नहीं पकड़ा जाएगा। जब वह वनक्षेत्र से बाहर की ओर बढ़ेगा तभी उसे पकड़ा जाएगा। इसलिए एक पिंजड़ा वन क्षेत्र से बाहर लगाया गया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए किसी भी तरह का जोर नहीं लगाना पड़ा। वह स्वत: बिना किसी नुकसान के सुनियोजित तरीके से लगाए गए पिंजड़े में फंस गया। शुक्ला ने बताया कि जब तेंदुए को पिंजड़े से निकाला गया तब उसका पेट खाली था।
मालूम हो कि तेंदुए की काफी दिनों से खोजबीन चल रही थी। तेंदुए की धरपकड़ के लिए कैमरा भी लगाया गया था। कैमरे के जरिये तेंदुए की रोजमर्रा गतिविधि भी कैद की जा रही थी। तेंदुए की गतिविधि को ध्यान रखकर कैमरे के स्थानों में भी परिवर्तन किया गया था।
शुक्ला ने कहा कि तेंदुआ पूरी तरह सुरक्षित है। उसे दिल्ली चिड़िया घर ले जाया गया है। वहां उसके खून और मल की जांच की जाएगी। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह पूरी तरह सेहतमंद है या नहीं। इसके बाद उसे सहारनपुर के शिवालिक रेंज ले जाया जाएगा। मालूम हो कि पहली बार 21 नवंबर को यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क में तेंदुए को देखा गया था। इसके बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजड़े भी लगाए गए थे। वहीं प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों के आवागमन को कम करने के लिए भी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी।