ग्रेटर नोएडा जिला पुलिस लिफ्ट देकर नकदी लूटने और एटीएम बूथ से रुपये निकलवाने वाले गिरोह की सरगर्मी से तलाश रही है। पुलिस के निशाने पर शहर में सक्रिय बाइक सवार गिरोह भी हैं जो एकांत सड़क पर राहगीरों से नकदी, मोबाइल, सोने की चेन आदि लूट लेते हैं। वहीं, पलक झपकते बाइक चोरी करने वाले गिरोह की भी पुलिस को तलाश है। खास बात यह है कि इन तीनों ही गिरोह के बदमाश सीसीटीवी में कैद हो चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस इन बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
एसएसपी वैभव कृष्ण और एसपी देहात रणविजय सिंह ने क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न गिरोह की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। इन दिनों सबसे अधिक आतंक लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले बदमाशों का है। ये बदमाश आए दिन राहगीरों को लिफ्ट देकर न केवल नकदी लूट रहे हैं बल्कि डेबिट कार्ड का पिन पूछकर एटीएम से मोटी रकम निकाल लेते हैं।
पिन बताने में आनाकानी करने पर बदमाश पीड़ित पर बेरहमी से हमला करते हैं। इसके अलावा बाइक सवार गिरोह लगभग हर रोज किसी ने किसी राहगीर को निशाना बनाकर मोबाइल, पर्स, नकदी, चेन आदि लूट लेता है। कई बार ये गिरोह विरोध पर पीड़ित पर हमला भी करता है। वहीं, क्षेत्र के लोग वाहन चोर गिरोह से भी परेशान हैं।
कहीं सीसीटीवी की क्वालिटी तो कहीं बदमाशों की चालाकी
सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद बदमाशों की पहचान नहीं होने का सबसे बड़ा कारण सीसीटीवी की खराब क्वालिटी है। कई बार आरोपियों की फुटेज सामने आने के बाद भी बदमाशों का चेहरा पहचानने में नहीं आता। कई बार बदमाश हेलमेट, कैप और कपड़े का इस्तेमाल कर भी चेहरा छिपाने में कामयाब हो जाते हैं।
यहां सीसीटीवी में कैद हुए हैं बदमाश
- लिफ्ट देकर लूटने वाले बदमाश एटीएम बूथ के सीसीटीवी और एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हैं।
- बाइक सवार गिरोह और वाहन चोर गिरोह कई जगह लूट की वारदात के दौरान सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
- बिसरख क्षेत्र से कार लूटकर हापुड़ में भाजपा नेता की हत्या करने वाले मिर्ची गैंग के सरगना आसु और उसके साथी एवीजे हाइट्स के पास सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया,
सक्रिय बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीमें, साइबर व सर्विलांस टीमों के अलावा थाना पुलिस भी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।