11 वर्षीय मानसी वेंटिलेटर पर, तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी दो नाबालिग बेटियां करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गईं। हादसे में 11 वर्षीय मानसी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके पिता आशीष (35) और बड़ी बहन रूबी (12) को भी चोटें आई हैं। मानसी की हालत नाजुक बनी हुई है और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत तीनों को नजदीकी चाचा नेहरू अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक मानसी के सिर में गंभीर चोट के साथ ही उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
विज्ञापन
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि सोमवार दोपहर 1.46 बजे गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। जांच में पता चला कि आशीष अपने परिवार के साथ सोनिया विहार के पांचवें पुश्ते पर रहता है। सोमवार को वह अपनी दोनों बेटियों को बाइक पर बैठाकर दरियागंज जा रहा था। गांधी नगर होते हुए राजघाट की ओर जाने के लिए वह गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के लूप पर चढ़ा था। इसी दौरान तीव्र मोड़ पर हादसा हो गया।
पीछे से किसी वाहन के टक्कर मारने के नहीं मिले साक्ष्य
सूचना मिलते ही शाहदरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और एफएसएल को भी जांच के लिए बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में बाइक को पीछे या साइड से किसी वाहन की टक्कर मारने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां फ्लाईओवर का तीव्र मोड़ है और गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर भी बना हुआ है। पुलिस को आशंका है कि स्पीड ब्रेकर पर उछलने के बाद चालक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे हादसा हुआ।
लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज
पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आशीष के बयान के बाद हादसे की परिस्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी।