दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार व नेता विपक्ष बनने का आंकड़ा भी नहीं जुटा सकी भाजपा दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी लेने में पीछे नहीं हटेगी। भाजपा ने सीधे तौर पर कहा है कि अगर सत्ता पक्ष यह पद देता है तो ठीक है, नहीं देता है तो भी ठीक है।
प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा है कि भाजपा राजनीति में भीख नहीं मांगती। कांग्रेस की तरह इस पद के लिए भीख मांगने भी नहीं जाएंगे। उन्होंने अपने तीनों विधायको को ब्रह्मा, विष्णु और महेश की संज्ञा दे डाली।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मीडिया पाबंदी पर कहा कि पिछले 8 साल से भाजपा नगर निगम में कार्य कर रही है और हर बैठक व कार्यालय में मीडिया का प्रवेश सुलभ है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह की पाबंदी ठीक नहीं है। भाजपा विधायक दल के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों के सचिवालय में प्रवेश पर रोक इमरजेंसी के दिनों की याद को ताजा कर रहा है।
प्रभात झा और प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी मौजूद रहे
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक बैठक में रोहिणी विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुप्ता को दिल्ली विधानसभा में भाजपा के विधायक दल का नेता चुना गया। बुधवार को हुई बैठक में तीनों नवनिर्वाचित विधायको के अलावा केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश प्रभारी प्रभात झा और प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी मौजूद थे।
विधायक दल के नेता के चुनाव में विश्वासनगर से दूसरी बार विधायक चुने गए ओमप्रकाश शर्मा ने गुप्ता को विधायक दल का नेता बनाए जाने का प्रस्ताव रखा व मुस्तफाबाद के विधायक जगदीश प्रधान ने इसका समर्थन किया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि निश्चय ही हमारे विधायक दल में सदस्य कम हैं पर विजेंद्र गुप्ता का अनुभव, सदस्य की कम संख्या को गौण कर देगा और हमारे तीनों विधायक जनहित के हर मामले को विधानसभा में और सरकार के समक्ष निरंतर उठाते रहेंगे।
सतीश उपाध्याय ने कहा कि हम जनमत का सम्मान करते हैं और एक स्वस्थ्य विपक्ष के रूप में कार्य करेंगे। विधानसभा बैठकों में हमारे अनुभवी विधायक सरकार पर वायदे पूरे करने का दबाव बनाएंगे वहीं दिल्ली की हर समस्या को उठाने के लिए हमारा संगठन विधायक दल को पूरा सहयोग देगा और हम जरूरत पड़ेने पर सड़क पर आंदोलन करेंगे।
विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली सरकार को दी चेतावनी
भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के बाद विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विधानसभा में जनता के सजग प्रहरी के रूप में काम करेंगे। सरकार पर नकेल कस कर रखेंगे। सरकार को जहां सहयोग देना होगा हम सहयोग देंगे और जहां विरोध करना होगा मजबूती के साथ करेंगे।
बिजली, पानी और वाई-फाई पर ‘आप‘ ने जो घोषणा की है, उन मुद्दों पर पार्टी सहयोग के लिए खड़ी रहेंगी। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि भाजपा वादा नहीं पूरा होने पर आम जनता के साथ आंदोलन भी करेगी। किसी भी स्थिति में महंगाई नहीं बढ़ने देगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने कहा है कि सभी 70 विधायक उनके अपने ही हैं। सिर्फ अंको से विपक्ष नहीं नापा जाता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष की अपनी अपनी भूमिका होती है।
केजरीवाल के इस बयान से अहंकार की बू आती है। हम 34 सीट जीत कर भी विधानसभा पहुंचते तो विपक्ष में होते और तीन सीट लेकर भी विपक्ष में है। संख्या मायने नहीं रखती। केजरीवाल के मंत्रिमंडल में एक भी महिला को शामिल न किए जाने की गुप्ता ने आलोचना की।