राजधानी में नए साल के जश्न को लेकर तैयारियां पूरी गई हैं। रेस्तरां व होटलों में लोगों ने एडवांस बुकिंग करा दी है। इसे लेकर संचालक होटलाें व रेस्तरां को सजाने के साथ विशेष तैयारियां कर रहे हैं। इस मौके पर लोगों को लजीज व्यंजनाें के साथ म्यूजिक व मनोरंजन के अन्य साधन भी मिलेंगे।
नए साल के अवसर पर लोगों को आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। इसमें 10 से 15 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। कनॉट प्लेस, खान मार्केट, करोल बाग, पहाड़गंज, प्रीत विहार, राजौरी गार्डन, पंजाबी बाग, हौज खास, लाजपत नगर, साउथ एक्स समेत समेत अन्य जगहों पर जश्न मनाए जाने की तैयारी है। रेस्तरां व होटल संचालकों के मुताबिक, हर साल की तरह इस बार भी सबसे ज्यादा भीड़ कनॉट प्लेस में देखने को मिलेगी, जहां रेस्तरां, पब-बार में आकर्षक ऑफर्स की भरमार है।
एक हजार से अधिक रेस्तरां और होटलों में बुकिंग फुल हो गई है। नए साल के जश्न के लिए विदेशी मेहमान भी बुकिंग करा चुके हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट का तोहफा दिया जा रहा है। डिनर के वक्त डीजे की व्यवस्था की जा रही है।
घरों में भी जश्न मनाने की तैयारी
सप्ताहांत के चलते इस बार लोग पार्टी में सराबोर रहना चाहते हैं। डीजे पर थिरकते हुए अपने रिश्तेदारों व दोस्तों को हैप्पी न्यू ईयर कहने के मूड में हैं। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों में नए साल के स्वागत का उत्साह देखते ही बन रहा है। होटलों, रेस्तरां से लेकर मार्केट और घरों तक में नए साल को लेकर रंग-बिरंगी लाइटों और गुब्बारों से सजावट की जा रही है।
परिवार के साथ मनाएंगे नया साल
करोल बाग निवासी राहुल मलिक ने बताया कि वह दिल्ली में ही रहकर नए साल का जश्न मनाने वाले हैं। उन्होंने बताया कि सीपी के एक रेस्तरां में चार लोगों के लिए टेबल बुक किया है। जहां परिवार के साथ जाने वाले हैं। सरोजिनी नगर निवासी आर्यन ने बताया कि वह बेंगलुरु में नौकरी करते हैं, लेकिन इस बार वह नया साल परिवार के साथ राजौरी गार्डन में मनाएंगे।
केक का एडवांस ऑर्डर
करोल बाग स्थित बेकरी की एक दुकान पर नए साल के लिए केक का एडवांस ऑर्डर देने वाले प्रमोद कौशिक ने बताया कि उनकी नए साल पर दोस्तों के साथ मनाली जाने की योजना थी, लेकिन वहां पर भीड़ बहुत होने की खबर सुनते ही प्लान बदल दिया। अब दिल्ली में घर की छत पर ही दोस्तों के साथ नया साल मनाएंगे। केक से दोस्तों का मुंह मीठा कर नए साल का स्वागत करेंगे।