निवेश को तरस रहे नोएडा में भारी निवेश होने वाला है। कई उद्योग यहां पर अपनी इकाई लगाने जा रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस बात की घोषणा नई दिल्ली में 12 जून को करेंगे।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण काफी समय से बड़े निवेश के लिए तरस रहे हैं। ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण ने योजनाएं भी निकालीं ताकि उद्यमी यहां आकर निवेश करें और औद्योगिक इकाई लगाएं, फिर भी उद्योग जगत ने इसमें खास रुचि नहीं दिखाई।
इसका सबसे बड़ा कारण बढ़ते अपराध और किसान आंदोलन को माना जा रहा है। यमुना प्राधिकरण ने तो उद्यमियों को यहां तक प्रस्ताव दिया कि वह अपनी पसंद की जगह का चयन करें, वह जगह उन्हें दे दी जाएगी, इसका भी कोई लाभ नहीं हुआ।
पिछले दिनों महाराष्ट्र के कुछ उद्यमियों ने रुचि दिखाई, लेकिन बाद में वह भी पीछे हट गए। सूत्रों के मुताबिक अब कुछ उद्यमियों ने इन प्राधिकरण क्षेत्रों में रुचि दिखाई है।
इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 12 जून को नई दिल्ली में कार्यक्रम है। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री उस दिन कुछ बड़ी घोषणाएं करेंगे और कुछ उद्यमियों को जमीन का आवंटन पत्र भी सौंपेंगे।