अभिनेता सलमान खान के आगामी बिग बॉस सीजन की होस्टिंग छोडने की चर्चा पर निर्देशक टीम के आंतरिक सदस्य भी हैरान है। बिग बॉस के लगातार आठ सीजन से सलमान खान के डायलॉग लिखने वाले राइटर खालिद आजमी के मुताबिक, लगातार आठ सीजन में सलमान की वजह से ही बिग बॉस चल रहा है। अगर उन्होंने छोड़ दिया तो बिग बॉस ही नहीं चल पाएगा।
रविवार को सेक्टर-29 स्थित एक निजी कार्यक्रम में आए खालिद आजमी ने बताया कि कुछ शो ऐसे बन जाते है जो होस्ट के बिना वे चल ही नहीं पाते। सलमान शो का होस्ट ही नहीं, बल्कि दर्शकों का भी पूरी तरह मनोरंजन करते है। जिससे दर्शक बंधे रहते है। दर्शक सलमान को होस्ट करते हुए बहुत पसंद करते है। उन्होंने कौन बनेगा करोड़पति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रोडक्शन टीम ने एक बार होस्ट बदला जिसके बाद दोबारा अगले सीजन में अमिताभ बच्चन को लाया गया।
बिग बॉस-12 की गिरी टीआरपी को लेकर आजमी ने कहा कि पिछले कई सीजन की तुलना इस बार लगभग सभी प्रतिभागी एक्टिव नहीं है यही वजह है कि दर्शक भी मनोरंजन नहीं कर पा रहे। अगर सलमान खान ने शो छोड़ दिया तो जितने दर्शक अभी बिग बॉस से जुड़े है वो भी खत्म हो जाएंगे। क्योंकि सलमान ही बिग बॉस की जान है। कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए शो के लिए भी वे ही लेखन का कार्य देख रहे है। दर्शकों को इस बार कई बेहतरीन चीजें देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि कॉमेडियन कृष्णा के आने से शो में नई जान आ गई है। इससे पहले आजमी ने कॉमेडी सर्कस शो के लिए भी स्क्रिप्ट राइटिंग का काम किया है।
गोविंदा की रंगीला राजा में भी दिखेगा पंच का कमाल
अपनी लेखनी से बेहतरीन पंच के लिए मशहूर अभिनेता गोविंदा की डबल रोल में आ रही फिल्म रंगीला राजा की स्क्रिप्ट लेखन का काम भी इन्होंने ही देखा है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में गोविंदा के साथ अभिनेत्री दिगांगना सूर्यवंशी और अनुपमा के साथ धमाल मचा देगी।