बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन से कॉपीराइट का लीगल नोटिस मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) नेता कुमार विश्वास ने तर्पण सीरीज से हरिवंश राय बच्चन की कविता से जुड़ा वीडियो हटा दिया है। विश्वास ने साथ ही वीडियो से हुई 32 रुपये की कमाई वापस लौटाने की बात भी कही है।
ये है पूरा मामला?
दरअसल, कुमार विश्वास ने पिछले सप्ताह पुराने हिंदी कवियों की याद में तर्पण नामक शृंखला शुरू की थी। बड़े पैमाने पर इसका सोशल मीडिया पर प्रचार भी किया था। विश्वास इसमें बाबा नागार्जुन, रामधारी सिंह दिनकर, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, महादेवी वर्मा, हरिवंश राय बच्चन, भवानी प्रसाद मिश्र समेत 15 कवियों की कविताओं की संगीतमय प्रस्तुति कर रहे हैं।
this is a copyright infringement .. ! legal will take care of this
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) July 9, 2017
शनिवार को डाली थी हरिवंशराय बच्चन की कविता
शनिवार को विश्वास ने शृंखला के चौथे वीडियो के रूप में नीड़ का निर्माण फिर-फिर नाम से दिवंगत हरिवंश राय बच्चन की एक कविता का वीडियो शेयर किया। दो दिन पहले इसकी जानकारी मिलने पर अमिताभ बच्चन ने कुमार विश्वास को लीगल नोटिस भेज दिया। इसमें उन्होंने 24 घंटे में वीडियो हटाने के साथ कमाई का हिसाब भी मांगा था, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।