मंगलवार की देर रात दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। और तीन लोग इस दौरान घायल हो गए। पहली घटना गांव मांड़ीखेड़ा के पास घटित हुई जहां एक कार सवार युवक की गाड़ी सड़क के बीचों बीच खड़ी ट्रोली से टकरा गई।
इसमें युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं दूसरी घटना शहर के वार्ड नंबर तीन की है जहां पानी की सबमर्सिबल निकालने के दौरान पाइप हाइटेंशन तार से जा लगा जिसमें एक की मौत हो गई और इसमें तीन अन्य लोग घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज नूंह के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड नंबर तीन निवासी वसीम अकरम पुत्र मोहमद इसराईल रात्रि करीब आठ बजे बड़कली चौक से फिरोजपुर झिरका की और अपनी कार से लौट रहा था कि इस दौरान जैसे ही वह मांड़ीखेड़ा के समीप पहुंचा तो रास्ते में खराब खडे़ एक ट्रैक्टर की ट्रोली से उसकी कार जा टकराई इसमें वसीम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वहीं दूसरी घटना फिरोजपुर झिरका शहर के वार्ड नंबर तीन में घटित हुई जहां स्थानीय शिक्षा विभाग में तैनात मजलूदीन अपने घर पर सबमर्सिबल मोटर लगवाने का कार्य करवा रहा था।
इस दौरान तीन अन्य लोग भी उसके साथ कार्य कर रहे थे। इस बीच उन लोगों ने सबमर्सिबल के पाइप को जमीन से जैसे ही बाहर निकालकर ऊपर की और किया तो पाइप ऊपर से जा रही हाइटेंशन तार से जा टकराया और पाइप में करंट उतर आया।
जिससे मौके पर कार्य कर रहे सभी लोग करंट की चपेट में आने से झुलस गए। इस घटना में करंट लगने से मजलूदीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
इस संदर्भ में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। वहीं करंट लगने से घायल हुए तीनों लोगों का इलाज नूंह के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जहां एक की हालत नाजुक बनी हुई है।