नवरात्रे शुरू होने से बृहस्पतिवार को कालकाजी मंदिर में नवरात्र पर्व की शुरूआत हुई है। ऐसे में मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए कालकाजी मंदिर पहुंचने लगे थे। मंदिर प्रशासन ने मंदिर में लोगों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था की थी। इसी व्यवस्था के दौरान मंदिर और परिसर को मंदिर प्रशासन की ओर से सजाया गया है। मंदिर के सभी रास्तों पर हैलोजन लाइट लगाई गई है। बुधवार रात जब श्रद्धालु दर्शन के लिए लोटस टेम्पल और राम प्याऊ के बीच लगी लाइन में खड़े थे तभी हैलोजन लाइट का तार टूट कर लाइन के उपर गिर गया। तार लोहे की ग्रील पर गिरा था, जिसके चलते लाइन में लगे सात श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि बुधवार रात करीब 12.40 बजे सूचना मिली कि कुछ श्रद्धालु रामप्याऊ और लोटस मंदिर के संगम स्थल पर बिजली के तार के संपर्क में आ गए और घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पीसीआर वैन और ईआरवी की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच करने पर पता चला कि नवरात्रि के दौरान हैलोजन लाइट लगाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला बिजली का तार टूट गया था और लोहे की रेलिंग के संपर्क में आ गया था।
मच गई थी भगदड़
हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और लोग मंदिर परिसर से बाहर की ओर भागने लगे। मंदिर के सेवादारों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मंदिर में बिजली की सप्लाई को बंद कर दिया गया। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद मंदिर के सेवादारों ने मौके पर पहुंचकर बिजली की तार को हटाया। इसके बाद भगदड़ बंद हुई। मौके पर तुरंत पुलिस टीम और बीएसईएस के कर्मचारी पहुंचे। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती एच. नंबर 187, गली नंबर 4, ब्लूम पब्लिक स्कूल के पीछे तिगरी गोल चक्कर, बालाजी एन्क्लेव कॉलोनी, बहरामपुर थाना, गाजियाबाद यूपी निवासी मयंक पुत्र राम कुमार शर्मा की मौत हो गई है। हादसे की जांच के लिए बीएसईएस कर्मचारियों और एफएसएल और क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया गया।