गुड़गांव के एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक को ईमेल पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कई महीनों से लगातार मिल रही धमकी के बाद युवक ने पुलिस को शिकायत दी। सदर थाना पुलिस ने आरोपी को नामजद करते हुए आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-50 में रहने वाला मानव मित्तल एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के मुताबिक, कई महीनों पहले उनके ईमेल पर मनोज नाम के शख्स ने जान से मारने की धमकी दी। युवक के अनदेखा करने के बाद उसने फिर से ईमेल भेजी। इसके बाद उसकी धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया। आरोपी उसके मोबाइल पर भी कॉल कर उसे परेशान करने लगा।
पिछले कई दिनों से युवक की धमकियों के बढ़ने के बाद शिकायतकर्ता ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायत दी। सदर थाना पुलिस ने ईमेल और मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर मनोज नामक युवक के खिलाफ आईटी एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी के अनुसार इस मामले में साइबर सेल की मदद ली जा रही है। आरोपी के मोबाइल को ट्रेस किया जा रहा है इसके अलावा उस ईमेल की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।