अगर आप किसी आपराधिक घटना के चश्मदीद हैं तो व्हॉट्सऐप पर पुलिस के सिपाही बन सकते हैं। सूचना देने पर पुलिस आपको चक्कर नहीं कटवाएगी और पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।
शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अब गुड़गांव पुलिस लोगों से सीधा जुड़ रही है। इसी पहल में गुड़गांव पुलिस ने व्हॉट्सऐप मैसेंजर सर्विस की शुरुआत की है।
सोशल मीडिया पर लोगों की सक्रियता को देखते हुए गुड़गांव पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से सीधा जुड़ रही है। इसी दिशा में गुड़गांव पुलिस ने एक और कदम बढ़ाते हुए व्हॉट्सऐप मेसेंजर सर्विस शुरू की है।
इसकी मदद से शहर में होने वाले किसी भी अपराधों को लेकर लोग पुलिस के व्हॉट्सऐप मेसेंजर पर फोटो/वीडियो/ऑडियो भेज सकते हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल ने इसकी लांचिग की।
प्रेसवार्ता में पुलिस आयुक्त ने बताया कि शहर में होने वाले अपराधों को लेकर कई बार चश्मदीद सामने आने से कतराते हैं। ऐसे में कई बार पुलिस को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
शहर में कई जगहों पर किसी अपराध के होने की सूचना को लेकर भी लोग पुलिस तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में लोग पुलिस के व्हॉट्सऐप मेसेंजर सर्विस नंबर 8586976050 पर किसी भी आपराधिक घटना की सूचना दे सकते हैं।
इस संबंध में सभी पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए हैं। पुलिस आयुक्त के अनुसार, इस सर्विस की वे खुद व्यक्तिगत तौर पर निगरानी रखेंगे।