फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में सेक्टर-सात थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला ने ससुरालियों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर तीन निवासी बिन्नी ने शिकायत में कहा है कि उसका विवाह दिसंबर 2012 में राकेश वर्मा के साथ हुआ था। वह गर्भवती है। 19 दिसंबर की दोपहर वह घर के काम निपटा रही थी। आरोप है कि बच्चे के जन्म पर रुपयों की मांग को लेकर उसके पति राकेश, ससुर सुधींद्र और सास शशिबाला ने उससे झगड़ा करना शुरू कर दिया और उसकी पिटाई कर दी।
बताया जाता है कि एक पड़ोसी ने इसकी सूचना बिन्नी के मायके वालों को दी। घर पहुंचे मायके वालों ने उसे अपने साथ ले गए और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले के जांच अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है। महिला के बयान पर ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गयाहै।