बवाना इलाके में हुए अग्नि हादसे में 17 लोगों की मौत का आखिर कौन जिम्मेदार है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोदाम मालिकों ने अवैध रूप से पटाखों को स्टोर किया हुआ था। यदि ऐसा था तो दमकल विभाग के अधिकारियों ने अवैध पटाखों की जांच क्यों नहीं की?
दमकल विभाग ने गोदाम को किस चीज को रखने की अनुमति दी हुई थी। अनुमति थी या नहीं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने इस पर क्यों ध्यान नहीं दिया। स्थानीय लोगों का कहना कि इतने बड़े हादसे के लिए अकेले गोदाम का मालिक जिम्मेदार नहीं हो सकता है।
इसके लिए इससे संबंधित जांच एजेंसियां भी जिम्मेदार हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं होता है। जांच के नाम पर खानापूर्ति कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।