कंझावला रोड ड्रेन और रोहिणी सेक्टर-20, 21 ग्रामीण पुनरुद्धार परियोजना से सुधरेंगी बुनियादी सुविधाएं
मंत्री व स्थानीय विधायक ने कहा-जल्द शुरू होंगी 60 करोड़ की अतिरिक्त विकास परियोजनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बवाना विधानसभा में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बुधवार को करीब 47.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। कैबिनेट मंत्री और बवाना से विधायक रविंद्र इंद्राज सिंह और लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इससे जलभराव की समस्या कम होगी, ड्रेनेज व्यवस्था बेहतर होने से ग्रामीण व शहरी इलाकों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ेंगी। कंझावला रोड ड्रेन परियोजना को मंजूरी दी गई है, जो पंजाब स्वीट्स से रोहिणी सेक्टर 21-22 डिवाइडिंग रोड तक बनेगी। इसके अलावा रोहिणी सेक्टर 20-21 ग्रामीण पुनरुद्धार परियोजना का भी शुभारंभ हुआ। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
बवाना के विकास को बताया प्राथमिकता : रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि बवाना दिल्ली देहात का महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इसके विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। डबल इंजन सरकार बवाना में तेजी से विकास कर रही और वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। मंत्री ने घोषणा की कि आने वाले समय में बवाना विधानसभा में करीब 60 करोड़ रुपये की अतिरिक्त विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।
ग्रामीण और शहरी विकास पर फोकस : मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।