दक्षिण-पश्चिम जिले के वसंत विहार इलाके के वसंत अपार्टमेंट में शनिवार सुबह लोगों सोकर उठे तो 75 कारों से बैटरी चोरी होने का पता चला। इससे सोसायटी में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया। आशंका है कि किसी जानकार ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। जिन घरों के आगे सीसीटीवी कैमरे लगे थे, वहां खड़ी कारें बच गईं।
पुलिस के मुताबिक, वसंत अपार्टमेंट सोसायटी के अध्यक्ष एम. डेविड ने बताया कि शनिवार तड़के लोग सोकर उठे तो देखा कि कुछ गाड़ियों की बैटरियां गायब हैं। इसकी सूचना पर लोगों ने अपनी-अपनी कारों की जांच की तो 75 बैटरियां गायब थीं।
डेविड ने बताया कि कुछ समय पूर्व सोसायटी के एक सिक्योरिटी गार्ड को रुपयों की वजह से हटा दिया गया था। इसके बाद चोरों ने छह बाइक चोरी की थीं। अब एक ही रात में 75 कारों से बैटरी चोरी कर ली गई। पुलिस को लोगों ने बताया कि ज्यादातर उन मकानों के बाहर चोरी हुई, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसा लगता है कि बदमाशों ने पहले इसकी रेकी की थी।