विजय विहार इलाके में सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग ले चुकी एक युवती की किक ने बदमाश को चित्त कर दिया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाश को पकड़कर जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
बदमाश युवती से मोबाइल लूटकर भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान बहादुर युवती को भी चोट लगी है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उससे युवती का मोबाइल फोन मिल गया है।
पुलिस के अनुसार, मुस्कान (18) सपरिवार मंगोलपुरी में रहती है। बी.कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा मुस्कान 15 दिसंबर को ट्यूशन पढ़ने के लिए रोहिणी सेक्टर-एक गई थी। शाम को लौटते समय डीडीए शॉपिंग कांप्लेक्स के पास उसके मोबाइल पर फोन आया। वह फोन सुनने लगी।
इसी दौरान दो युवक पैदल उसके पास आए। एक ने उसे धक्का दिया, जबकि दूसरा उसके हाथ से मोबाइल छीनकर भागने लगा। खुद को संभालते हुए मुस्कान उनके पीछे दौड़ी और हवा में उछलते हुए एक आरोपी को किक मारी। इससे युवक व मुस्कान दोनों गिर गए। इसके बाद मुस्कान ने बदमाश का गिरेबान पकड़ लिया और शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बदमाश की धुनाई कर दी। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पीरागढ़ी निवासी अमन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मुस्कान का मोबाइल फोन मिल गया।
बदमाश को पकड़ने के दौरान मुस्कान के हाथ पर चोट लगी है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर उसके सहयोगी की तलाश कर रही है। मुस्कान ने बताया कि उसने स्कूल में पढ़ने के दौरान सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग ली थी। 15-20 दिन की ट्रेनिंग की वजह से उसके अंदर आपराधिक तत्वों से लड़ने का जज्बा आया। वारदात के दौरान उसने हिम्मत बनाए रखी और बदमाश को चित्त कर दिया।