कस्बा निवाड़ी के निशांत त्यागी को जानी मानी ई-कामर्स कंपनी अमेजन ने 28.5 लाख के पैकेज पर रखा है। बता दें निशांत के पिता किसान हैं और खेती बाड़ी कर के घर चलाते हैं। ग्रामीणों ने निशांत का इतने बड़े पैकेज पर चयन होने पर रविवार को उसके पिता का समारोह में सम्मानित किया। निशांत ने कहा कि थोड़ी सी मेहनत और लगन बड़ी से बड़ी ऊचाईयों तक पहुंचा सकती है।
सीताराम त्यागी एक किसान हैं जिनके परिवार में पत्नी मधु, बेटी दीपा और पुत्र निशांत त्यागी हैं। उनका कहना है कि निशांत बचपन से ही पढ़ाई लिखाई में होशियार था। उसने 10वीं में 94% और इंटरमीडिएट में 96% अंक प्राप्त किए थे। फिर 2013 में जयपुर के एलएनएमआईटी संस्थान में कम्प्यूटर साइंस में बीटेक में दाखिला लिया।
2017 में जब वह बीटेक के अंतिम वर्ष में पहुंच गया तब उसका कैंपस प्लेसमेंट के जरिए अमेजन कंपनी ने उसको 28.5 लाख रुपये के पैकेज पर रख लिया। चयन करने के बाद कंपनी ने उसको तीन महीने की ट्रेनिंग दी। फिर 28 अगस्त को निशांत ने कंपनी के हैदराबाद कार्यालय में ज्वाइन कर लिया। निशांत त्यागी ने बताया,"अच्छा पैकेज मिलने के कारण नौकरी ज्वाइन कर रहा हूं इरादा तो कम्प्यूटर क्षेत्र में नए कीर्तिमान करने का है।"
उसने एक साल तक नौकरी कर के एमटेक में दाखिला लेने के बारे में सोचा है। उसके बाद वह सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करेगा। उसने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता को दिया औक कहा कि आमदनी कम होने के बाबजूद भी मुझे कभी किसी परेशानी का सामना नहीं करने दिया।