बार एसोसिएशन का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार को आए बार कौंसिल ऑफ इंडिया के एक आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई। उधर, चुनाव स्थगित होने के कारण नामांकन से रोकने पर कई लोगों ने दूसरे दिन भी हंगामा किया।
बार एसोसिएशन के सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि नई एसोसिएशन के लिए मतदान 28 जनवरी को होना था। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए तहसील कंपाउंड संघ के अधिवक्ताओं, दिल्ली से रजिस्टर्ड और गाजियाबाद में प्रैक्टिस न करने वाले अधिवक्ताओं से मतदान का अधिकार छीन लिया था।
इस पर तहसील कंपाउंड संघ ने बार कौंसिल ऑफ इंडिया में शिकायत की थी। शुक्रवार शाम को बार कौंसिल ऑफ इंडिया का एक आदेश मिला। इसमें लिखा है कि कंपाउंड संघ के साथ अधिवक्ताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएं, जिनकी पूर्व में पर्ची काटी जा चुकी है।
अगर आप चुनाव कराते हैं तो रिजल्ट घोषित नहीं किया जाएगा। बार कौंसिल ने 18 फरवरी को सुनवाई की तारीख दी है। 25 जनवरी को बार एसोसिएशन पदाधिकारी बार कौंसिल के समक्ष अपना पक्ष रखेंगे।