Ban Ki-moon Welcomes India's effort towards peace programmes
संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की-मून और विश्व स्वास्थ्य संगठन की पूर्व महानिदेशक व नार्वे की पूर्व प्रधानमंत्री ग्रो हार्लेम ब्रंटलैंड शुक्रवार को दिल्ली सरकार के मोहल्ला क्लीनिक व पॉली क्लीनिक का दौरा करेंगे। इनके साथ स्वास्थ्य विशेषज्ञों का एक प्रतिनिधिमंडल भी होगा।
अधिकारी बताते हैं कि इससे पहले कई देशों के सरकारी व शोध संस्थाओं के प्रतिनिधि मोहल्ला क्लीनिक का दौरा कर चुके है। लेकिन पहली बार इसके लिए वैश्विक नेताओं का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंच रहा है।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में मानवाधिकारों और शांति के लिए काम करने वाले एक स्वतंत्र वैश्विक संगठन द एल्डर्स के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के संपर्क में हैं। वहीं, मुख्यमंत्री केजरीवाल को भी पत्र लिखा था। इसमें मोहल्ला क्लीनिक समेत दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बुनियादी बदलाव की तारीफ की थी।
अधिकतारियों की मानें तो पहले यूएन के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। लेकिन वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। शुक्रवार को बान की मून के साथ केजरीवाल व सत्येंद्र जैन भी मौजूद रहेंगे। सुबह करीब 9.45 बजे प्रतिनिधिमंडल पश्चिम विहार मेट्रो स्टेशन के नजदीक पीरागढ़ी मोहल्ला क्लीनिक पहुंचेगा।
फिर करीब 10.30 बजे पश्चिम विहार में ही राधे कृष्णा मंदिर के नजदीक पॉली क्लीनिक का दौरा करेगा। करीब 11 बजे प्रतिनिधिमंडल अपना अनुभव साझा करेगा। गौरतलब है कि मोहल्ला क्लीनिक व पॉली क्लीनिक दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। यहां मरीजों को दवाइयां, उनकी बीमारियों की जांच व परामर्श नि:शुल्क दिया जाता है।