शुक्रवार की शाम गुड़गांव में बजाज मोटर्स प्रबंधन के खिलाफ कंपनी के गेट पर बैठे श्रमिकों को हटाने बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद उनका बैठना यहा कानून के खिलाफ है। मगर श्रमिकों ने पुलिस की बात को नकार दिया है। श्रमिकों ने पुलिस से दो टूक कह दिया है कि वह यहां से किसी भी कीमत पर नहीं हटेंगे।
मारुति कामगार उद्योग यूनियन के महासचिव कुलदीप जांघू ने बताया श्रमिक मौके से नहीं हटेंगे। उन्होंने बताया कि खेड़कीदौला थाने प्रभारी आंदोलनकारियों से 200 मीटर की दूरी पर हड़ताल करने को कहा है। तकरीबन 350 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं।
बजाज मोटर्स यूनियन के अध्यक्ष बिजेंदर गिल ने कहा कि बिना अपनी मांग मनवाए श्रमिक किसी वहां से नहीं उठेंगे। जांघू ने बताया कि सभी मजदूर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे हैं। रात में पुलिस उनके साथ जोर-जबर्दस्ती का सकती है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि पुलिस वाले बजाज मोटर्स कंपनी के अंदर हैं। कंपनी के आंदोलनकारी श्रमिक दशरथ ने बताया कि पुलिस ने हाइवे की लाइट बंद करवा दी है। पुलिस किसी भी प्रकार से उन्हें वहां खदेड़ने का प्रयास कर रही है। फिलहाल अभी तक श्रमिक गेट पर डटे हुए हैं। हरियाणा पुलिस के कमांडो भी मौके पर तैनात हैं।