बागपत जनपद में बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे और सभी राजस्थान के गोगामेड़ी से दर्शन कर अपने गांव अल्हापुर, थाना उझानी, बदायूं लौट रहे थे।
डिवाइडर से टकराकर पलटी पिकअप
हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे बड़ागांव के पास हुआ। बताया गया कि पिकअप वाहन संख्या UP-24 AT-1819 अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
पिकअप के पलटते ही उसमें सवार कई लोग वाहन के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची और राहगीरों की मदद से वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
छह श्रद्धालुओं की मौत, 27 घायल
हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर किया गया है।
राजस्थान के गोगामेड़ी से लौट रहे थे श्रद्धालु
बताया गया है कि बदायूं के गांव अल्हापुर से श्रद्धालुओं का एक जत्था राजस्थान के गोगामेड़ी की यात्रा पर गया था। दर्शन के बाद सभी पिकअप से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पिकअप के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।