दिवाली से ठीक दो दिन पहले दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए बदरपुर थर्मल पावर प्लांट को बंद कर दिया गया है। ठंड के मौसम में यह बंद रहेगा। 2018 में इसे पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। वहीं दिल्ली में जेनरेटर 15 मार्च 2018 तक प्रतिबंधित रहेगा यानी नहीं चलेगा। अगले कुछ दिनों में यदि हवा की गुणवत्ता और खराब होती है तो दिल्ली में पार्किंग फीस चार गुना तक बढ़ाई जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (इप्का) ने यह आदेश दिया है।
इप्का ने कहा कि दिवाली के बाद 21 और 22 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है। इप्का ने बेहद खराब और गंभीर स्थिति में पहुंचे प्रदूषण को कम करने के लिए तय ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तहत कुछ आपात कदमों को लागू कर दिया है।
इप्का सदस्य और पर्यावरणविद सुनीता नारायण ने कहा कि अभी जीआरएपी के तहत सारे कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कुछ जरूरी कदम उठाए गए हैं। पार्किंग फीस को बढ़ाने और अन्य उपाय अगले कुछ दिनों बाद हवा की स्थिति को देखने के आधार पर तय किए जाएंगे।
सीपीसीबी रोज ईपीसीए को वायु गुणवत्ता रिपोर्ट भेजता है
demo pic
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) रोजाना ईपीसीए को वायु गुणवत्ता रिपोर्ट भेजता है। इसी के आधार पर जहां समस्या है वहां आदेश दिया जा रहा है। दिल्ली में विभिन्न रास्तों से प्रवेश करने वाले भारी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। कई ट्रक वापस लौटाए गए हैं तो कई पर जुर्माना भी लगाया गया है। एनजीटी के आदेश के अनुरूप निर्माण के दौरान प्रदूषण करने वालों पर 50 हजार से 5 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
इप्का चेयरमैन भूरेलाल ने कहा कि दिल्ली में आनंद विहार और राजस्थान में भिवाड़ी व यूपी में गाजियाबाद की स्थिति ज्यादा खतरनाक है। इन क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयों के चलते प्रदूषण खतरनाक स्तर पर है। प्रत्येक वर्ष ठंड में प्रदूषण की खतरनाक स्थिति बनती है।
साथ ही प्रत्येक सीजन में पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने के कारण दिल्ली की हवा में प्रदूषण बढ़ जाता है। इसलिए सभी संबंधित प्राधिकरणों को ठोस व कड़े कदम उठाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि यदि हवा आपात स्थिति में पहुंचती है तो दादरी और झज्जर में भी पावर प्लांट को बंद किया जाएगा।
'प्रत्येक दिन वायु प्रदूषण की निगरानी की जा रही है'
demo pic
सीपीसीबी के सदस्य सचिव ए सुधाकर ने कहा कि दिवाली के बाद मौसम विभाग के इनपुट के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। प्रत्येक दिन वायु प्रदूषण की निगरानी की जा रही है।
क्षेत्रीय यानी बाहर से आने वाले प्रदूषण और स्थानीय यानी दिल्ली के भीतर होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए आदेश दिया जा चुका है। हवा की गति बढ़ने व दिशा दिल्ली की ओर होने के साथ नमी बढ़ने के कारण दिल्ली में 21 और 22 अक्तूबर को रिकॉर्ड वायु प्रदूषण दर्ज किया जा सकता है।
बिना जिग-जैग चिमनी वाले ईंट भट्ठों को बंद करने का आदेश
यूपी, राजस्थान और हरियाणा में ऐसे ईंट भट्ठे जिनकी चिमनियां जिग-जैग मॉडल पर आधारित नहीं हैं उन्हें बंद करने का आदेश दिया गया है।
जीआरएपी के तहत बेहद खराब और गंभीर स्थिति में दिल्ली-एनसीआर में यह कदम उठाए जाने हैं
demo pic
- खुले में कूड़ा-कचरा जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध
- ईंट-भट्ठों के साथ हॉट मिक्स प्लांट बंद करने का आदेश
-जनरेटर बंद करना, यांत्रिक सफाई एवं मशीनों से सड़क पर जल छिड़काव
-सार्वजनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बढ़ाना, पार्किंग फीस बढ़ोतरी
-थर्मल पावर प्लांट बंद करना
- कोयला और लकड़ी इस्तेमाल करने वाले होटल ढ़ाबा को बंद करना
- शीतकाल में सुरक्षाकर्मियों को हीटर मुहैया कराना
- संचार माध्यमों पर जागरूकता अभियान चलाना
बुधवार को दिल्ली की हवा में प्रदूषण का अनुमान
हवा की फोरकास्टिंग 18 अक्तूबर स्थिति
पीएम 2.5 264 खराब
पीएम 10 169 बेहद खराब
स्रोत - सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च(आंकड़े माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर में)