फरीदाबाद एवं पलवल में आयोजित होने जा रहा बाबा रामदेव का योग शिविर विवादों में फंसता नजर आ रहा है। शिविर में भाजपा के प्रचार की आशंका को देखते हुए इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने इसकी शिकायत प्रदेश के मुख्य चुनाव आयुक्त से की है।
इनलो नेता विजय कौशिक ने शिकायत में कहा है कि बाबा रामदेव अपने समर्थकों के वोटों का सौदा भाजपा के साथ कर चुके हैं। लिहाजा वे योग सिखाने के नाम पर भाजपा नेताओं को अपने समर्थकों की वोट गिनवाने के लिए आ रहे हैं।
शिकायत में कहा गया है कि योग की आड़ में बाबा रामदेव चुनावी सभा करने आ रहे हैं। इससे पहले बाबा रामदेव जितने भी योग शिविर लगाते रहे हैं वे कई दिनों के होते हैं। जाहिर सी बात है कि दो घंटे के शिविर के नाम पर वे चुनावी सभाएं संबोधित करने आ रहे हैं, जिसका पूरा खर्चा भाजपा उठा रही है।
पार्टी ने चुनाव आयुक्त से बाबा रामदेव के आगमन व कार्यक्रमों की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की अपील की है। इस बारे में जब हमने भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संरक्षक कृष्णवीर शर्मा से बात की तो उन्होंने कहा कि जो पार्टी बाबा के मुद्दों से सहमत हैं उसके नेता को दिल्ली में 23 तारीख के शिविर में मंच पर बिठाया गया था। लेकिन वह कार्यक्रम गैर राजनीतिक था।
फरीदाबाद और पलवल में भी इसी प्रकार का योग शिविर है। यहां भी मंच का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होगा। बीजेपी का कोई बैनर नहीं होगा। हमारा निमंत्रण सभी पार्टियों के नेताओं को है। सभी आएं योग करें और निरोग रहें।