केशव मारवाड़ गर्ल्स डिग्री कॉलेज पिलखुवा में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की मेरठ के एक निजी अस्पताल में डेंगू से मौत हो गई। छात्रा मोदीनगर के भोजपुर ब्लॉक के बढ़ायला गांव की रहने वाली थी।
गांव बढ़ायला निवासी विजयपाल की पुत्री चंचल रानी (19) पिलखुवा के केशव मारवाड़ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ती थी। बताया गया कि चंचल को तीन दिन पहले बुखार आया था।
उसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां ब्लड टेस्ट में उसे डेंगू होने की पुष्टि हुई थी। बृहस्पतिवार रात छात्रा की तबीयत बिगड़ी और उसकी की मौत हो गई।
प्रधानाचार्या डॉ. निशा गर्ग और राजनीति शास्त्र विभाग की एचओडी डॉ शशी शर्मा ने बताय कि चंचल पढ़ाई में तेज थी। उधर, सीएमओ डॉ. सुभाष चंद गुप्ता ने छात्रा की मौत की जानकारी से इंकार किया है।
पार्षद की पत्नी को हुआ डेंगू
मौसम में बदलाव होने के बावजूद डेंगू का प्रकोप घटने का नाम नहीं ले रहा है। शास्त्रीनगर वार्ड नंबर-64 से पार्षद सतपाल यादव की पत्नी को डेंगू हुआ है। प्लेसलेट्स काफी कम होने से उन्हें यशोदा अस्पताल भर्ती कराया गया है।
सतपाल यादव के मुताबिक अब प्लेटलेट्स की संख्या में इजाफा हुआ है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में अब तक गाजियाबाद में डेंगू पॉजिटिव के 350 मामले सामने आए हैं।
प्राइवेट अस्पतालों के आंकड़ों पर गौर डालें तो डेंगू मरीजों की संख्या 2200 को पार कर चुकी है। गाजियाबाद में अब तक डेंगू से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में अभी केवल दो मरीजों की ही मौत हुई है।