छात्रों ने कक्षा का बहिष्कार कर कालेज के गेट पर हंगामा किया। छात्रों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे संस्थान से बाहर करने की मांग की। संस्थान के डायरेक्टर जनरल अरिंदम बसु ने आरोपी का स्थानांतरण गोरखपुर के एक सेंटर में कर दिया, लेकिन दोपहर बाद उसके निलंबन के आदेश भी जारी कर दिए।
कालेज प्रबंधन की ओर से आरोपी के माफी मांगे जाने पर पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। उधर, कविनगर पुलिस का कहना है कि उन्हें तहरीर मिलेगी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मार्कर लेने गया था छात्र
निट्रा टेक्निकल कैंपस में बीटेक छात्र हुई अश्लील घटना शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। पीड़ित छात्र को एक शिक्षिका ने मार्कर लेने डाटा एंट्री ऑपरेटर के पास भेजा था। यहां डाटा एंट्री ऑपरेटर ने छात्र के साथ अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया।
छात्र के शोर मचाने पर कॉरिडोर के पास से गुजर रहे सीनियर छात्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी शिकायत संस्थान के प्रबंधन से की। आरोप है कि कालेज प्रशासन मामले को तीन दिन तक टालता रहा। सोमवार को हंगामे के बाद कार्रवाई की गई है।
संजयनगर निट्रा टेक्निकल कैंपस के डायरेक्टर जनरल डा. अरिंदम बसु ने कहा कि कालेज के हर छात्र की सुरक्षा का जिम्मा कालेज प्रबंधन का है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी डाटा एंट्री ऑपरेटर को निलंबित कर दिया गया है।