नगर विकास मंत्री आजम खान ने सोमवार को हज हाउस का दौरा किया। निर्माण में लापरवाही और गेट पर ही एक पत्थर टूटा हुआ मिलने पर उन्होंने ठेकेदार को जमकर लताड़ लगाई।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापरवाही मिलने पर ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाए। साथ ही जल्द से जल्द निर्माण पूरा किया जाए। हज हाउस के निर्माण का जायजा लेने सोमवार शाम को प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खान साहिबाबाद पहुंचे।
उन्हें हज हाउस की एंट्री पर ही एक बड़ा पत्थर टूटा मिला। इस पर मंत्री ठेकेदार पर भड़क गए। उन्होंने टूटे पत्थर को ठेकेदार की लापरवाही बताया।
साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापरवाही होने पर तुरंत ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने हज हाउस का निर्माण धीमा गति से होने पर भी नाराजगी जताई।
वहां मौजूद जेई मथुरा प्रसाद को निर्देश दिए कि निर्माण की गति के साथ गुणवत्ता पर भी पूरा ध्यान दिया जाए। इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।