शहर को गैस चैंबर से निकालने के लिए एनवायरमेंट प्रोटेक्शन कंट्रोल अथारिटी (ईपीसीए) ने दिल्लीवालों से मदद मांगी है। ऑथरिटी ने आज से लोगों को ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करने और अगले दस दिनों तक निजी वाहनों के इस्तेमाल से परहेज करने लगाई है। वहीं, सीपीसीबी ने प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों के लिए सोशल मीडिया पेज की सुविधा मुहैया कराई है।
ईपीसीए का कहना है कि दिल्ली में करीब 40 फीसदी प्रदूषण निजी वाहनों से फैलता है। ऐसे में सड़क पर इनकी संख्या कम होने से हवा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। ईपीसीए ने विभागों से कहा है कि इस बीच यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरा कहीं न जलाया जाए। साथ ही प्रदूषण के घरेलू स्रोतों पर पाबंदी लगाई जाए। इससे प्रदूषण को नियंत्रित करने में जरूर मदद मिलेगी।
दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों के लिए ऑनलाइन सुविधा मुहैया कराई है। आम लोग समीर एप के साथ सीपीसीबी के फेसबुक व ट्वीटर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।