दिल्ली में ऑटोरिक्शा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली शहरवासियों के लिए ऑटो की सवारी अब डेढ़ रुपए प्रति किलोमीटर महंगी होने वाली है। इस बाबत दिल्ली सरकार भी फैसला ले चुकी है। आपकी जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि दिल्ली सरकार दो किलोमीटर के लिए मौजूदा 25 रुपए के बेस फेयर को 1.5 किलोमीटर के लिए 25 रुपये करने को मंजूरी दे चुकी है, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते नया फेयर स्लैब लागू नहीं हो सका।
जानकारी है कि जैसे ही चुनाव आचार संहिता खत्म होगी दिल्ली में ऑटो किराया डेढ़ रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से बढ़ जाएगा। बता दें कि दिल्ली सरकार ने शहर में चलने वाले करीब 90,000 ऑटो के लिए मौजूदा आठ रुपये प्रति किलोमीटर की दर में डेढ़ रुपये के इजाफे की सिफारिशों को मंजूरी दी थी।
दिल्ली परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने आचार संहिता खत्म होने के बाद ऑटो किराये के संशोधन के लिए अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया है। ऐसे में यह तय हो गया है कि दिल्ली सरकार द्वारा मार्च में मंजूर ऑटोरिक्शा के संशोधित किराये को लोकसभा चुनाव आचार संहिता खत्म होने के तुरंत बाद अधिसूचित कर लागू किया जाएगा।