लगातार तीसरे दिन ट्रैफिक पुलिस का ‘ऑपरेशन ऑटो’ जारी रहा। शुक्रवार को नोएडा में दौड़ रहे गाजियाबाद के ऑटो पुलिस के निशाने पर रहे। मॉडल टाउन और सेक्टर-62 क्रॉसिंग पर चले चेकिंग अभियान के दौरान 112 ऑटो सीज कर थानों में पहुंचा दिए गए, जबकि 372 के चालान काटे गए।
बेलगाम ऑटोवालों का मुद्दा ‘अमर उजाला’ ने 17 मई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद से ही ट्रैफिक पुलिस सड़कों पर नियम तोड़ रहे ऑटोवालों की धरपकड़ में जुटी हुई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह यादव, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर राजीव सहरावत और अविनाश सैनी के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
मॉडल टाउन और सेक्टर-62 क्रॉसिंग के आसपास गाजियाबाद के ऑटो सबसे ज्यादा परेशानी बढ़ा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान गाजियाबाद के करीब 90 ऑटो पकड़े गए। इसके अलावा ऐसे भी ऑटो भारी संख्या में पकड़े गए जिन पर कहीं का भी परमिट नहीं था।
पुलिस टीम को देखते ही कई ऑटो वालों ने भागने की कोशिश की, लेकिन इनसे निपटने के लिए पहले ही मोटर साइकिलों पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही तैनात किए गए थे।
क्रेन से खींचकर पहुंचाए थाने
पकड़े जाने पर कई ऑटोवालों ने चालाकी से काम लिया। ऑटो को इस तरह बंद किया गया कि ट्रैफिक पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद स्टार्ट नहीं हो सके। ऑटो स्टार्ट न होने पर क्रेनों के जरिए इन्हें थानों में पहुंचाया गया।
गाजियाबाद में एंट्री नहीं
गाजियाबाद के ऑटो नोएडा में तो आसानी से प्रवेश कर लेते हैं, लेकिन नोएडा का कोई ऑटो गाजियाबाद नहीं जा सकता। गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश करते ही नोएडा के ऑटो को पकड़ लिया जाता है और जुर्माना वसूलकर छोड़ा जाता है।