दिल्ली में ऑटो किराया बढ़ाने पर अभी पूरे तरीके से मोहर भी नहीं लगी है कि ऑटो चालकों ने अपने स्तर पर ही यात्रियों से वसूली शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को मीडिया में यह खबर आते ही सुबह से ही ऑटो वालों ने दिल्ली में बढ़ी हुई कीमत वसूलने के लिए नोकझोंक शुरू कर दी। रेलवे स्टेशनों व बस स्टैंड पर तो यात्री व ऑटो चालक उलझते दिखे। यात्रियों का कहना था कि मीटर में जब बदलाव ही नहीं हुआ है तो फिर बढ़ा हुआ चार्ज क्यों दें।
दिल्ली सरकार ने तो ऑटो किराये में वृद्धि पर अपनी हामी भर दी है, लेकिन अभी इस प्रक्रिया पर ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की मोहर नहीं लगी है। अथॉरिटी की मोहर के बाद ही ऑटो के मीटर में बढ़े हुए किराये को इंस्टॉल किया जाएगा, लेकिन इसके पहले ही ऑटो चालकों ने अपने स्तर पर ही किराये में वृद्धि कर दी है। रेलवे स्टेशन पर सबसे अधिक ऑटो चालक ट्रेन से दिल्ली पहुंचे यात्रियों से ज्यादा किराया मांगते दिखे। यहां तक कि वह मीडिया में आई खबरों का भी हवाला देते दिखाई दे रहे थे। अगर कोई यात्री बढ़े हुए किराये पर चलने को तैयार नहीं होता था तो फिर फिक्स चार्ज लेकर ऑटो चालक चलने को तैयार हो रहे थे।
लखनऊ से नई दिल्ली स्टेशन पहुंचे यात्री रामेश्वर ऑटो चालक को यह तर्क देते दिखे कि मीटर में जितनी रीडिंग आएगी उतना ही किराया देंगे, लेकिन ऑटो चालक बढ़ा किराया वसूलने पर अड़ा हुआ था। इसी तरह दिल्ली की सड़कों पर कई यात्रियों से ऑटो चालक उलझते हुए भी दिखाई पड़े। उधर ऑटो चालकों का कहना है कि सीएनजी के रेट तो सरकार बराबर बढ़ाती है, लेकिन ऑटो का किराया नहीं बढ़ाया जाता। किराया बढ़ाने का आदेश तो आ गया, लेकिन रेट को लेकर लगे मीटर में अभी तक बदलाव नहीं किया गया।
दस दिन के भीतर नई दरें हो जाएंगी लागू
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि सरकार ने एसटीए को ऑटो किराये में बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन लागू करने की सूचना दे दी है। एसटीए बोर्ड की बैठक में यह मंजूर कर लिया जाएगा। इस बीच ऑटो के मीटर को अपग्रेड किया जाना है। दस दिन के भीतर किराये की नई दरों पर ऑटो चलने की उम्मीद है।