तीन सीट वाले ऑटो में छह, चार सीट वाले ई-रिक्शा में सात यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के दावों के बावजूद पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर ऑटो और ई-रिक्शा खुलकर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री बैठा रहे हैं। तीन सीट वाले ऑटो में पांच-छह और चार सीट वाले ई-रिक्शा में छह-सात सवारियों को बैठाया जा रहा है, जो मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। हैरानी की बात यह कि यह सब ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में हो रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती।
कश्मीरी गेट से शास्त्री पार्क, पुश्ता रोड, खजूरी, भोपुरा बॉर्डर, लोनी गोल चक्कर और जीटी रोड पर दिलशाद गार्डन से कश्मीरी गेट तक चलने वाले साझा ऑटो व ई-रिक्शा में यह स्थिति आम है। वाहन की निर्धारित क्षमता उसके डिजाइन व सुरक्षा मानकों के अनुसार होती है। ई-रिक्शा में अधिक भार से ब्रेक फेल, संतुलन बिगड़ने या पलटने का खतरा रहता है।
चालकों का कहना है कि कम सवारियों पर किराया बढ़ाना पड़ेगा, इसलिए अतिरिक्त यात्री बैठाते हैं। मेट्रो स्टेशनों कश्मीरी गेट, शास्त्री पार्क, दिलशाद गार्डन, मौजपुर, यमुना विहार, खजूरी के बाहर सुबह-शाम यात्रियों को खड़े-खड़े या असुविधाजनक स्थिति में सफर करना पड़ता है।