नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए अवैध कटों को बंद किया जाएगा। प्राधिकरण ने इस पर काम शुरू कर दिया है।
वर्क सर्किल नौ के परियोजना अभियंता आरएस राघव ने बताया कि इन कटों को बंद करने का काम बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगा। दो दिन में सभी कट बंद कर दिए जाएंगे। ठेकेदार को आज से ही काम शुरू करने के लिए कह दिया गया है।
महामाया फ्लाईओवर से ग्रेटर नोएडा परी चौक तक 23.5 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर 50 से अधिक कट हैं। पैदलयात्री इन कटों से सड़क पार करते रहते हैं। तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों को भांपने में चूक करते ही दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं।
इन कटों के चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसे रोकने के लिए प्राधिकरण सेंट्रल वर्ज पर क्रैश बीम लगाने की योजना पर काम कर रहा है, मगर उसमें अभी वक्त लगेगा।
अभी तार लगे हैं। इन तारों को काटकर ही लोगों ने रास्ता बना लिया है। प्राधिकरण फिलहाल इन तारों को जोड़कर कटों को बंद कर देगा। क्रैश बीम लग जाने से समस्या का स्थायी रूप से हल हो जाएगा।