अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2024 के दूसरे चरण की परीक्षा रविवार को 27 शहरों के 29 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। 9वीं से 12वीं कक्षा के 20 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को लेकर बच्चों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला। इस बार परीक्षार्थियों की उपस्थिति में भी काफी बढ़ोतरी देखने को मिली।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह से बच्चे पहुंचने शुरू हो गए थे। कई जगहों पर विद्यार्थियों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने लिखित परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से दी। उल्लेखनीय है इससे पहले 10 नवंबर, को पहले चरण की परीक्षा 61 शहरों के 67 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी, जिसमें 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा का परिणाम जल्द ही अमर उजाला अखबार और foundation.amarujala.com पर घोषित कर दिया जाएगा।
इन केंद्रों पर हुई परीक्षा
कौशांबी, मथुरा, चंडीगढ़, देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, गाजियाबाद, बुलंदशहर, देवरिया, बांदा, लखनऊ, फैजाबाद (अयोध्या), गोंडा, रायबरेली, सहारनपुर (कक्षा 11 और 12), मुजफ्फरनगर, बागपत (कक्षा 11 और 12), शामली (कक्षा 11 और 12), मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, नोएडा, फरीदाबाद, शिमला, सिरमौर और बलिया।
हम किसी से कम नहीं
बांदा में दृष्टिहीनों में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। वे अपने साथ राइटर लेकर आए थे। परीक्षा में शामिल होने के बाद दृष्टिहीन अभिजीत वर्मा ने कहा, परीक्षा तो अच्छी हुई है। हम हमेशा इस परीक्षा का इंतजार करते हैं। हम लोगों को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने का मौका दिया, इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन का आभार।