अशोक विहार फेज-3 में मंगलवार शाम ज्वैलर की दुकान में फायरिंग कर लूट का प्रयास करने वाले बदमाशों की पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही पहचान कर ली है। पुलिस को घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज व मौके से मिले बदमाशों के एक मोबाइल से अहम जानकारियां मिलीं हैं ।
पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाशों का एक ही गिरोह से ताल्लुक है। उन पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि पुरानी लूटपाट की घटनाओं में उनका नाम सामने नहीं आया है। पुलिस का दावा है कि बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंगलवार शाम को अशोक विहार फेज-3 स्थित देव ज्वैलर्स में दो बदमाश घुस आए। कोरोना संक्रमण की आड़ में बदमाशों ने पहचान छिपाते हुए मुंह पर मास्क पहना हुआ था। दुकान में ज्वैलर कमल को अकेला बैठा देखकर बदमाश आभूषण बनाने के बहाने उसके पास गए और उसे पकड़कर तिजोरी में रखे सभी आभूषण व नकदी देने की धमकी दी। एक बदमाश ने ज्वैलर को बंदूक दिखाते हुए शोर न मचाने को कहा। बदमाश कुछ समझ पाते इससे पहले ज्वैलर ने मदद के लिए शोर मचा दिया। शोर मचाने पर बदमाश ने उस पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। इसके बाद बदमाश ज्वैलर को जान से मारने की धमकी देते हुए काउंटर पर रखी आर्टिफिशियल सोने की चेन उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात जानकारी मिल गई। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि बदमाश बाइक लेकर मुख्य रोड की तरफ भागे थे।
देर रात को ही सेक्टर-5 थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। बदमाशों की पहचान हो गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। बदमाशों जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।