छोटी माता मंदिर के पास शनिवार की दोपहर करीब एक दर्जन हमलावरों ने दुकान में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की है। इस दौरान हमलावरों ने कई राउंड फायर की। फायरिंग से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हमलावर कार व बाइकों पर सवार होकर आए थे। इस हमले में करीब छह लोगों को चोट लगी है।
छोटी माता मंदिर पर झगड़ा होने व गोली चलने की आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए। ऐसे में हमलावर मौके से भागने लगे। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान हमलावर जाम में फंस गए, ऐसे में दो-तीन राउंड फायर की। वहीं, पुलिस इस बारे में मना कर रही है कि वहां पर कोई गोली नहीं चली।
झगड़ा आपसी पुरानी रंजिश के चलते हुआ
फायरिंग होने और झगड़े की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पर तनातनी का माहौल देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं, फिगर प्रिंट की टीम भी मौके पर पहुंची। यह झगड़ा आपसी पुरानी रंजिश के चलते हुआ है। दोनों पक्षों में पहले भी कई बार मारपीट व झगड़े हो चुके हैं और सेक्टर-5 थाना में मामले भी दर्ज हैं।
गोली विजय की कमर को छूकर निकल गई
शनिवार की दोपहर कई युवक छोटी माता मंदिर के पास एक दुकान में बैठे थे। इसी दौरान करीब 12 लोग कार व बाइकों पर सवार होकर मंदिर के पास पहुंचे और दुकान में बैठे लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी कर दी, जिसमें एक गोली विजय की कमर को छूकर निकल गई, जबकि कुणाल के पैर में छर्रे लगे।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
दोनों को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, विक्की के सिर व हाथ पर और आकाश के कंधे पर चोटें आई हैं। इनके अलावा जोगिंद्र, कन्नू, सूरज व अंशु को भी चोटें आने पर नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।
पहले भी कई बार लड़ाई-झगड़े हो चुके हैं
बताया जा रहा है कि यह विवाद छोटी माता मंदिर के ठेके को लेकर हुआ है। कुछ लोग लंबे समय से इस ठेके पर कब्जा करने की फिराक में हैं, जिसके चलते पहले भी कई बार तनाव की स्थिति पैदा हो चुकी थी। दोनों पक्षों में पिछले काफी समय से रंजिश है। यह विवाद मंदिर के ठेके को लेकर लंबे समय से चला आ रहा है। दोनों पक्षों में पहले भी कई बार लड़ाई-झगड़े हो चुके हैं।
दुकान में तोड़फोड़ भी की गई
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार की रात शीतला माता मंदिर के पीछे प्रसाद की दुकान, धर्मशाला और पार्किंग चला रहा सुभाष अपनी दुकान पर था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी और दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। इस मारपीट में सुभाष व अन्य लोगों को चोटें आईं थी। सुभाष के साथ हुई मारपीट का बदला लेने के लिए कार व बाइकों पर सवार होकर छोटी माता मंदिर के पास पहुंचे। उन्होंने कार्यालय में पहुंचकर वहां बैठे दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
ग्यारह लोगों को किया नामजद
हमलावरों ने लाठी-डंडों से दुकान में बैठे लोगों पर हमला कर दिया और फायरिंग भी की। फायरिंग व मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं। इस हमले में घायल हुए लोगों का खून दुकान में अंदर बिखरा हुआ था। वहीं, दुकान में रखा सामान भी बिखरा हुआ था। हमले में घायल हुए एक युवक की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना में मामला दर्ज किया गया है। इसमें ग्यारह लोगों सागर, आशु, दीपक, झाऊ, सोहेल, दीपक ऊर्फ गंजी, विशाल, बलजीत, विकास, अभिषेक और विशाल को नामजद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। ग्यारह लोगों को नामजद किया है। झगड़े के दौरान दो गोली चलने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।