प्रेम विवाह करने वाले एक युवक पर लड़की पक्ष की ओर से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने युवक के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। थाना सेक्टर-31 में घायल युवक के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी निवासी सुमित कुमार ने थाना सेक्टर-31 पुलिस को बताया कि उसने दो दिन पहले डबुआ कॉलोनी निवासी सुनीता से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह सेक्टर-28 में पत्नी के साथ किराये के कमरे में रहने लगा।
आरोप है कि पत्नी के घरवाले इस विवाह से खुश नहीं हैं, इसलिए शनिवार रात सुनीता का भाई आकाश व चाचा हरिओम उसके कमरे में आए। आकाश व हरिओम सुनीता को जबरन अपने साथ ले जाने लगे और अलग शादी कराने की बात करने लगे। जब उसने विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और इसी बीच आकाश ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट व कंधे पर लगा।
जांच अधिकारी महेंद्रपाल ने बताया कि घायल सुमित को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजनों ने उसे यहां प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।