फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

आजाद प्रत्याशी लखपत कटारिया पर जानलेवा हमला

Tue, 14 Oct 2014 07:24 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
गुड़गांव के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी पर देररात कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। चुनाव प्रचार कर लौट रहे प्रत्याशी और उसके समर्थकों पर गाड़ौली खुर्द गांव के पास कुछ अज्ञात युवकों ने गाड़ी के शीशे तोड़ते हुए पत्थरबाजी कर दी। जिसमें वे बाल-बाल बच गए।


घटना के बाद प्रत्याशी ने पुलिस को सूचना दी। एक घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक विधानसभा चुनाव में बादशाहपुर क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी मैदान में उतरे लखपत कटारिया अंतिम चुनाव प्रचार कर देररात अपने समर्थकों के साथ आ रहे थे।


गाड़ौली खुर्द गांव के पास 15-20 युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें पत्थर मारकर उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। जिसके बाद प्रत्याशी ने अपने काफिले को रोकते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की तो युवक मौके से फरार हो गए।

घटना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिस पर प्रत्याशी और उसके समर्थक बिफर गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई में देरी को लेकर नाराजगी जाहिर की। साथ ही उन्होंने पुलिस सुरक्षा इंतजाम पर भी सवाल उठाए।

हमले में आजाद प्रत्याशी के चालक संजय को चोट भी आई है। चुनावों के दौरान प्रत्याशी पर हमले के बाद पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई।

जिसमें सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने चालक संजय के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है जिसमें जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें