ओल्ड गुड़गांव में रविवार रात को कुछ अज्ञात बदमाशों ने कई कॉलोनियों में बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। बदमाश 50 से ज्यादा गाड़ियों के शीशे तोड़कर फरार हो गए। सोमवार को इसकी सूचना मिलने के बाद लोगों में अफरातफरी मच गयी।
दिनभर चली गहमागहमी के बाद पुलिस ने कई मामले दर्ज किए। रातभर में एक साथ हुई इतनी वारदातों को देखते हुए पुलिस भी हैरान है। पुलिस जांच में अब तक किसी गिरोह की बात सामने नहीं आई है।
रविवार रात को तेज बारिश के बाद कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई थी। कॉलोनियों में अंधेरे का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने अर्जुन नगर, कृष्णा कॉलोनी, ज्योति पार्क, रामनगर में घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के आगे और पीछे का शीशा किसी भारी पत्थर से तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात तीन युवक पत्थर और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे। उन्होंने गाड़ियों को निशाना बनाया और फरार हो गए। घटना के अगले दिन सोमवार सुबह घरों के बाहर गाड़ियों के टूटे शीशे देख लोगों में अफरातफरी मच गई। जांच में सामने आया कि अज्ञात लोगों ने सिर्फ गाड़ी को निशाना बनाया जबकि गाड़ी के अंदर रखा सामान चोरी नहीं हुआ है।
सिटी थाना एरिया के अंतर्गत आने वाले घटनास्थल पर पुलिस को भेजा गया। इस संबंध में लोगों ने पुलिस को शिकायत दी है। उसी आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार पूरे मामले में अब तक किसी गिरोह की बात सामने नहीं आई है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पंद्रह दिन पहले भी ओल्ड ज्यूडिशियल कांप्लेक्स पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों पर पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए गए थे। इसके बाद लोगों ने यहां पर पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। इन मामलों के बाद भी स्थानीय लोगों ने पुलिस राइडरों की गश्त बढ़ाने की मांग की है।