दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में शुक्रवार को एक झगड़े के कॉल पर गए हवलदार और सिपाही पर 15 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी डंडे से पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनके सिर फोड़ दिए। हवलदार के बयान पर उत्तम नगर थाना पुलिस ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। इससे पूर्व गाड़ी हटाने को लेकर हमलावरों का एक युवक ने झगड़ा हुआ था। उसके बाद हमलावरों ने परिवार के चार सदस्यों लाठी डंडों से पिटाई कर उन्हें जख्मी कर दिया।
विजय (29) सपरिवार मोहन गार्डन इलाके में रहता है। शुक्रवार दोपहर विजय पड़ोस में अपनी होंडा सिटी कार में बैठकर गाने सुन रहा था। बाइक पर आए दो युवक ने उसे कार हटाने के लिए कहा। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। युवक विजय से घर का पता पूछकर चला गया।
कुछ देर बाद शीशा टूटने और बहन दीपिका के चिल्लाने की आवाज सुनकर विजय, उसकी मां उमा, भाई दीपक बाहर निकले। उनलोगों ने देखा कि करीब 15 लोग कार और बहन पर पथराव कर रहे हैं। उनलोगों ने दीपिका को बचाने की कोशिश की। हमलावरों ने तीनों की लाठी डंडे से पीटकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पीसीआर ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जांच करने के लिए उत्तम नगर थाने में तैनात हवलदार जसवंत और सिपाही महिपाल पहुंचे। पुलिसकर्मी मौके पर लोगों ने पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान हमलावर वापस आ गए और तफ्तीश कर रहे पुलिसकर्मियों पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। हमले में दोनों पुलिसकर्मियों के सिर फट गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।